Republic Day 2023 : बच्चों को बनाना है आदर्श नागरिक तो सिखाएं देशप्रेम

गणतंत्र दिवस आने वाला है। प्रतिवर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का पर्व मनाया जाता है। यह भारत के प्रमुख राष्ट्रीय पर्वों में से एक है। दशकों तक भारत अंग्रेजी हुकूमत का गुलाम रहा। हालांकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और भारतीय युवाओं ने मिलकर देश की आजादी का सपना देखा और इस आजादी को पाने के लिए बहुत संघर्ष किए। 1947 में देश आजाद हुआ। लगभग तीन साल बाद भारत एक गणतांत्रिक राष्ट्र बना। आधिकारिक तौर पर 26 जनवरी 1950 में भारत में संविधान लागू हुआ। इस दिन को लोग बेहद गर्व के साथ मनाते हैं। हालांकि बच्चों के लिए महज यह एक छुट्टी का दिन होता है।
जितने उत्साहित बच्चे होली, दिवाली, क्रिसमस और ईद के त्योहार पर होते हैं, क्या उतना ही उत्साह राष्ट्रीय पर्वों को मनाने के लिए भी दिखता है? बच्चों को एक दूसरे से जोड़ने, देश प्रेम की भावना जागृत करने के लिए हर अभिभावक को उन्हें कुछ ऐसी बातें सिखानी चाहिए जो भविष्य में उन्हें एक आदर्श नागरिक बना सकें। इसके लिए जरूरी है कि बच्चे को देशप्रेम की ओर अग्रसर करें। आइए जानते हैं बच्चे को भविष्य में एक आदर्श नागरिक बनाने और देशप्रेम सिखाने के कुछ तरीके।
अक्सर माता पिता या घर के बड़े बच्चों को रात में सुलाने के लिए कहानियां सुनाते हैं। राजा रानी या जंगल के जानवरों की कहानी तो कई बार सुनाई होगी, लेकिन बच्चों को देश के बारे में भी बचाएं। अपनी कहानियों में स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलनों के किस्से, महात्मा गांधी, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और नेता जी सुभाष चंद्र बोस जैसे आंदोलनकारियों के किस्से कहानियां सुनाएं। इससे बच्चे भारत के इतिहास के बारे में भी जानेंगे और कुछ प्रेरणादायक सीख सकेंगे।