AutoFEATUREDTechछत्तीसगढ़

नक्सली हमले में 10 जवान शहीद दंतेवाड़ा में, विस्फोट आईईडी से किया

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 जवान शहीद हुए हैं, जबकि एक ड्राइवर की भी मौत हो गई। दंतेवाड़ा के अरनपुर के पास डीआरजी ( जिला रिजर्व गार्ड) के जवानों को ले जा रहे एक वाहन पर आईइडी हमला हुआ है।

 

आईईडी को नक्सलियों ने प्लांट किया था।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार को को दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बल नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना हुआ था, जो अपने अभियान के बाद वापस लौट रहे थे, तभी माओवादियों द्वारा अरनपुर मार्ग पर आईईडी विस्फोट किया गया, इसमें अभियान में शामिल 10 डीआरजी जवान और 1 ड्राइवर शहीद हुए हैं।

 

 

 

जानकारी के मुताबिक डीआरजी के जवानों को इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। वे मंगलवार को सर्चिंग ऑपरेशन पर निकले थे। बारिश होने की वजह से वे दुर्गम इलाके में फंस गए थे। डीआरजी की टीम उन्हें लेने प्राइवेट वाहन से बुधवार को गई थी। नक्सलियों को डीआरजी की टीम के आने की पहले से जानकारी थी। उन्होंने वाहन के रास्ते पर आईईडी प्लांट कर दिया था। जैसे ही वाहन वहां पहुंचा, ब्लास्ट हुआ और 11 जानें चली गईं। डीआरजी के वाहन में 25 से 30 जवान सवार थे।

 

 

घायल जवानों को जिला अस्पताल लाने के लिए चार एंबुलेंस रवाना की गई है। घटना के बाद आसपास के एरिया में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है। वहीं दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई है। साथ ही माओवादी ने जवानों के एक पिकअप वाहन को भी बम से उड़ा दिया है। कुछ जवानों के घायल होने की खबर आ रही है। फिलहाल मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर सख्त प्रतिक्रिया देकर कहा है कि नक्‍सलियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा और नक्‍सलवाद को जड़ से खत्‍म किया जाएगा।

 

 

सीएम बघेल ने कहा, हमें यह जानकारी मिली है और यह दुखद है। जो जवान शहीद हुए हैं, उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। यह लड़ाई अंतिम दौर में हैं, नक्सलियों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। हम योजनाबद्ध तरीके से नक्सलवाद को खत्म करने वाले हैं। घटना की गंभीरता को देखकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री बघेल से बातचीत की और केंद्र की तरफ से हर संभव मदद का वादा किया है।

 

 

दंतेवाड़ा में नक्सली हमले के बाद महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र के सभी प्वॉइंट को संभावित खतरे के मद्देनजर अलर्ट किया गया है। सभी सीमाई इलाकों पर भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सी-60 कमांडो और गढ़चिरौली पुलिस को किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

[URIS id=12776]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button