कागजों में संचालित हो रहे उप स्वास्थ्य केंद्र,नहीं मिल रहा लोगों को स्वास्थ्य लाभ।

कागजों में संचालित हो रहे उप स्वास्थ्य केंद्र,नहीं मिल रहा लोगों को स्वास्थ्य लाभ।
संजय सिंह मझौली सीधी
जनपद क्षेत्र मझौली अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के तहत लगभग ढाई दर्जन उप स्वास्थ्य केंद्र पूरे क्षेत्र में संचालित हैं लेकिन उनका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है जिससे यही कहा जा सकता है कि कागजों में ही केंद्र संचालित हो रहे हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मझौली विकासखण्ड में 33 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं लेकिन अगर तीन चार केंद्रों को छोड़ दिया जाए तो शेष सभी केंद्रों का संचालन औपचारिकता में सिमटा हुआ है जहां सिर्फ टीकाकरण के दिन केंद्र खुलते हैं बाकी दिन बंद रहते हैं यही कारण है कि लोग मजबूरी में झोलाछाप डॉक्टरों के पास उपचार कराने जाते हैं जहां उनका आर्थिक शोषण होता है और कई बार गलत उपचार होने की वजह से जान भी गंवानी पड़ जाती है।
जानकारों की माने तो उप स्वास्थ्य केंद्रों को आरोग्य केंद्र का दर्जा दिया गया है जहां प्राथमिक उपचार के सभी संसाधन के साथ ही जरूरी दवा भी मौजूद रहनी चाहिए वहीं केंद्र खुलने का समय सुबह 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक रहता है बाकी पदस्थ कर्मचारियों को उप स्वास्थ्य केंद्र में ही आवासीय तौर पर रहना चाहिए ताकि किसी अप्रिय घटना अथवा विषम परिस्थिति में पीड़ितों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया जा सके लेकिन इस नियम का पालन होता नहीं दिख रहा है और ना ही लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।
बन्द मिला खमचौरा उप स्वास्थ्य केंद्र
ग्रामीणों द्वारा मोबाईल फोन से खमचौरा उप स्वास्थ्य केंद्र बन्द रहने की सूचना मीडिया तक पहुचाई गई जिसका भ्रमण 21 फरवरी को दोपहर लगभग 2 बजे किया जो बन्द पाया गया ग्रामीणों द्वारा बताया गया यह उप स्वास्थ्य केंद्र कभी-कभार ही एक दो घण्टे के लिए खुलता है बाकी समय बन्द रहता है।
विभागीय सूत्रों की माने तो एक या दो उप स्वास्थ्य केंद्र को छोड़कर बाकी सभी केंद्रों में सी एच ओ एवं ए एन एम पदस्थ हैं लेकिन केंद्र से नदारद रहने पर ना तो लोगों को स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल पाता है और ना ही प्राथमिक उपचार ही हो पाता है अब देखना है नवागत खंड चिकित्सा अधिकारी इस व्यवस्था पर किस तरह सुधार लाते हैं।
रामनरेश कुशवाहा सामाजिक कार्यकर्ता छुही
उप स्वास्थ्य केंद्र मात्र टीकाकरण के दिन खुलता है उस समय भी जाने पर ना तो दवाई मिल पाती है और ना ही आम लोगों को उप स्वास्थ्य केंद्र से लाभ ही मिल पाता है व्यवस्था सुधार होना चाहिए।
रामबाई सिंह ग्रामीण खमचौरा
सिर्फ टीकाकरण के दिन केंद्र खुलता है बाकी दिन ताला बंद रहता है हम लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए परेशान होना पड़ता है महिला एवं बच्चों के लिए स्वास्थ्य के संबंध में सुझाव तक नहीं दिया जाता है।
डॉ.पी.एल.सागर खण्ड चिकित्सा अधिकारी मझौली
अभी मैं ज्वाइनिंग देकर आ गया हूं एक-दो दिन में वापस आऊंगा तो फिर इस विषय पर चर्चा की जाएगी। हमारा उद्देश्य है कि जनता को योजना का लाभ मिले और जनता के मन मुताबिक केंद्रों का संचालन हो।