देवसर के खड़ौरा गांव में दो दिन पूर्व हुई थी लाखों रूपये की चोरी

भाजपा नेता के घर में हुई लाखों चोरी का अब तक नहीं चला कोई सुराग
पोल खोल सिंगरौली।
जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ौरा स्थित भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष के घर में लाखों रूपये की हुई चोरी का अब तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। जियावन पुलिस पीएम के रीवा आगमन में व्यस्तता बता रही है।
गौरतलब हो कि भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली के किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद चौबे निवासी खड़ौरा के घर में दो दिन पूर्व अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 10 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व 20 हजार रूपये नकद सहित अन्य सामग्रियों को पार कर दिया।
यह चोरी उस दिन हुई जिस दिन पुलिस काम्बिंग गश्त कर रही थी और खड़ौरा मार्ग से जियावन पुलिस का काम्बिंग गश्त आधी रात को गुजरा था। चोरी की घटना का समय भी रात 1 बजे से 3.30 बजे की बतायी जा रही है। भाजपा नेता के घर में लाखों रूपये की हुई इस चोरी को लेकर पुलिस के काम्बिंग गश्त पर भी तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। वहीं अज्ञात चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दिया है। हालांकि इसके पहले भी खड़ौरा गांव में चार बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। जिसका खुलासा आज तक नहीं हो पाया है। फिलहाल भाजपा नेता के घर में लाखों रूपये की हुई चोरी का अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। आरोपियों की धरपकड़ अभी नहीं हो पा रही है। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि 24 अपै्रल को रीवा के एसएफ ग्राउण्ड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगमन हो रहा है। जहां जिले के अधिकांश पुलिस सेवकों की ड्यूटी लगायी गयी है। पुलिस बल की कमी के चलते चोरों की पतासाजी नहीं हो पा रही है। भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद चोरों की पतासाजी जियावन पुलिस करेगी ऐसी उम्मीद है।